सूचना: दूसरे ब्लॉगर, Youtube चैनल और फेसबुक पेज वाले, कृपया बिना अनुमति हमारी रचनाएँ चोरी ना करे। हम कॉपीराइट क्लेम कर सकते है
दीपावली पर सुंदर कविता ‘दीप पर्व’ में बताया गया है कि प्रकाश पर्व दीपावली का धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, अपितु सामाजिक दृष्टि से भी महत्त्वपूर्ण स्थान है। दीप पर्व हमें अज्ञान के अंधेरों से निकल कर आत्मज्ञान के प्रकाश में सच्चाई और अच्छाई के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करता है। दीप पर्व वैयक्तिक हितों के स्थान पर सामाजिक हितों पर बल देता है। दीपावली पर दीप – दान की परम्परा यही द्योतित करती है कि सभी जनों के लिए सुख – समृद्धि की कामना करना हमारा परम कर्त्तव्य रहा है। ‘दीप पर्व’ कविता में भी यही संदेश दिया है कि हम सभी जनों के सुख की कामना करते हुए आत्मोत्थान करें।
दीपावली पर सुंदर कविता

खुशियों की लेकर सौगातें
आया दीपों का त्यौहार,
जगमग – जगमग दीप जल उठे
हर घर – आँगन देहरी – द्वार।
रोशन – रोशन धरा हो उठी
मन में लोगों के उल्लास,
जगा रहा है दीप पर्व यह
जीवन में नूतन विश्वास।
मिट्टी का नन्हा – सा दीपक
गहन निशा के तम को झेल,
सिखा रहा हमको सुख – दुःख से
एक भाव से रखना मेल।
सबके सुख की आज कामना
करते लोग दुःखों को भूल,
यही चाहते आशाओं के
कभी नहीं मुरझाएँ फूल।
सभी घरों के आगे रखकर
आज प्रेम से नन्हा दीप,
दीप पर्व पर हम आते हैं
इक – दूजे के और समीप।
सजे रहें सबके जीवन में
रंगोली के प्यारे रंग,
दीपों की माला जैसे ही
रहें सभी हिलमिल कर संग।
दीप पर्व पैदा करता है
हममें जो सामाजिक भाव,
बना रहे वह बारह मासों
अलगावों के भरता घाव।
दीप पर्व यह करे प्रकाशित
सभी जनों के तन मन प्राण,
औरों की सुख समृद्धि में ही
निहित हमारा है कल्याण।
पढ़िए दीपावली से संबंधित यह रचनाएं :-
- राम अवध को पधारे – दीपावली पर भावनात्मक कविता
- प्रेरणादायक दीपावली विचार | Best Diwali Quotes & Status in Hindi
- आई रोशन दिवाली – दीपावली पर प्रेरणादायक कविता | Diwali Poem in Hindi
इस दीपावली अपने घर और दिल को रोशन करें। आशा है यह कविता आपके जीवन में खुशियों और विश्वास की रोशनी भर दे। 👉 यदि आपको यह कविता और लेख पसंद आया हो तो इसे अपने मित्रों और परिवार के साथ ज़रूर साझा करें।
👉 ऐसे और प्रेरणादायक लेख और कविताएँ पढ़ने के लिए हमारे ब्लॉग को फ़ॉलो करें।